
बिच्छू डॉट कॉम। हर साल वैज्ञानिक ऐसे दो-तीन नए वायरसों की पहचान करते हैं, जो पहले कभी इंसानों में नहीं पाए गए थे। इनमें से अधिकांश वायरस सीमित दायरे में ही रह जाते हैं, लेकिन कुछ आगे चलकर एड्स और कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी का कारण बनते हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए यूनिवर्सिटी आफ एडिनबरा के विज्ञानियों ने ऐसे वायरसों का एक जोखिम-आधारित कैटलाग तैयार किया है, जिससे यह आकलन किया जा सके कि कौन-से नए वायरस भविष्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। मानव-से-मानव में तेजी से फैलने वाले वायरस, जैसे कि इन्फ्लूएंजा, कोरोना, और खसरा, सबसे बड़ा वैश्विक खतरा हैं। ये हवा में मौजूद बूंदों और सीधे शारीरिक संपर्क से बहुत तेजी से फैलते हैं। ये वायरस पलक झपकते ही पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले सकते हैं।
