
प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद हर शुक्रवार को यह अभियान चलेगा। इसके तहत सभी अफसर अपने एसी दफ्तरों में बैठकें करने की बजाय मैदान में उतरेंगे। आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका त्वरित निराकरण करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी करते हुए अफसरों को सख्त हिदायत दी है कि वे वाहनों की पूलिंग कर क्षेत्र में जाएं, काफिला लेकर नहीं चलेंगे। यदि किसी सप्ताह अपरिहार्य कारणों से विभागीय एसीएस, प्रमुख सचिव, सचिव फील्ड भ्रमण में असमर्थ हो तो इसकी पूर्व सूचना सीएस कार्यालय को देना होगी। विभागाध्यक्ष भी पूर्व सूचना अपने विभाग प्रमुख को देंगे। संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी, इस अभियान के 4 स्तम्भ बनाए गए हैं।
