
मैं घोषणा करता आया हूं और आज फिर कह रहा हूं कि मैं घोर सनातन धर्म का मानने वाला हूं। मेरे कहने के बाद ही आपने सनातन धर्म को स्वीकार किया, पहले आप लोग सिर्फ हिंदू-हिंदू धर्म करती थीं। यह उस संवाद के अंश है, जो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा विधायक उषा ठाकुर के बीच में हुए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसे लोग सौहार्दपूर्ण राजनीति बता रहे हैं। दरअसल शुक्रवार देर रात इंदौर पहुंचे दिग्विजय सिंह और उषा ठाकुर की मुलाकात रेसीडेंसी कोठी में हुई थी। मुलाकात के दौरान उषा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें बड़े भाई कहा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिंह ने विधायक ठाकुर से पूछा-क्या तुमने नर्मदा यात्रा की है। उषा ठाकुर ने जवाब दिया, हम अनादि काल से सनातनी हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा, अनादि काल से सनातनी तो तुम हो, हम उसके दुश्मन नहीं हैं। बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने उषा ठाकुर से पूछा, तुमने नर्मदा परिक्रमा की है क्या? इस पर उषा ठाकुर ने कहा, नहीं की।
