विधायक बोले, मत पियो, मुंह में जबरदस्ती थोड़ी डाल देंगे

विधायक प्रीतम सिंह लोधी इन दिनों आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं। इसी क्रम में विधायक लोधी पिछोर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नदना, पिपरोनिया, उमरी खुर्द एवं भवरहार पहुंचे। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान गांवों में अवैध रूप से शराब बिक्री की शिकायतें सबसे अधिक सामने आईं। खासकर महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि गांवों में घर-घर शराब बिक रही है और इसे बंद कराया जाए। ग्राम पंचायत नदना और उमरी खुर्द में महिलाओं ने विधायक से शराब बिक्री रोकने की मांग की। इस पर विधायक लोधी ने कहा कि जब लोग शराब पीना छोड़ देंगे, तो शराब बिकना अपने आप बंद हो जाएगा। जब हम शराब पीने नहीं जाएंगे, तो क्या कोई जबरदस्ती हमारे मुंह में डाल देगा। उन्होंने बताया कि वे नशा मुक्ति को लेकर एक विशेष अभियान चला रहे हैं, जिसके तहत लोधी से मोदी जोड़ो पदयात्रा पिछोर से दिल्ली तक निकाली जाएगी।

Related Articles