
मुरैना में एक्सपायरी देशी शराब की आपूर्ति और बिक्री के मामले में राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) जितेंद्र सिंह गुर्जर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। आबकारी आयुक्त ने जारी आदेश में कहा है कि प्रथम दृष्टया जांच में अधिकारी द्वारा नियमों के विपरीत अपने लॉगिन आईडी और डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग कर एक्सपायरी शराब विभिन्न कंपोजिट शराब दुकानों को जारी किए जाने के प्रमाण मिले हैं। हाल ही में मुरैना के वेयरहाउस से 260 पेटी एक्सपायरी देशी शराब ठेकों पर भेजे जाने का मामला सामने आया था। विभागीय जांच में सामने आया कि 310 पेटी की एक्सपायरी 25 अप्रैल को हो चुकी थी, विभिन्न दुकानों को जारी की गई। नियमों के अनुसार इस शराब को नष्ट किया जाना था। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक्सपायरी शराब की आपूर्ति से लाइसेंसियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
