
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विभागों की समीक्षा की तारीख फिर आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री अब 17 मई को 45 सूत्रीय एजेंडे पर विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक की तारीख दूसरी बार आगे बढ़ी है। समीक्षा बैठक पहले 6 मई को प्रस्तावित थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 मई कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव की व्यस्तता के चलते इसकी तारीख एक बार फिर आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा चुनिंदा विभागों से जुड़े 45 महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे। बैठकों में संबंधित विभागों के मंत्री के अलावा अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव मौजूद रहेंगे। इन बैठकों में केवल औपचारिक समीक्षा नहीं होगी, बल्कि प्रत्येक विभाग के लिए स्पष्ट कार्ययोजना, समय-सीमा और आगामी एक वर्ष के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। बैठक के लिए हर विभाग से लक्ष्य आधारित प्रस्तुतिकरण मांगा गया है। बैठक में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री के समक्ष प्रेजेंटेशन देंगे। विभागों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल योजनाओं की जानकारी न दें, बल्कि यह स्पष्ट करें कि निर्धारित समय में आम नागरिकों को उसका वास्तविक लाभ कैसे मिलेगा।
