
सीबीएसई ने बुधवार को 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 85.20 फीसदी छात्र पास हुए हैं। यह पिछले साल से तीन फीसदी कम है। 94,028 छात्रों ने 90 फीसदी से ज्यादा नंबर स्कोर किए हैं। वहीं, 17,113 बच्चों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा नंबर स्कोर किए हैं। इस बार कॉपियां ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के तहत चेक की गईं। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से नीचे रहा। भोपाल रीजन में इस बार 79.43 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए, जबकि देशभर का औसत पास प्रतिशत 85.20 फीसदी दर्ज किया गया। भोपाल का प्रदर्शन रायपुर, लखनऊ और रांची जैसे कई रीजन से पीछे रहा। वहीं, इस वर्ष देशभर में कुल पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले साल के 88.39 फीसदी की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। क्षेत्रवार प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला रीजन रहा, जहां 95.62 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए। वहीं प्रयागराज का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा और यहां पास प्रतिशत 72.43 प्रतिशत दर्ज किया गया। दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट रीजन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 91 फीसदी परिणाम हासिल किए।
