मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस भोपाल में करेगी आंदोलन, घेराव

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 28 सितंबर को भोपाल में राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जबकि 29 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव होगा। यह घोषणा उन्होंने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में की। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पिछले करीब दो वर्षों से मतदाता अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठा रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों का हवाला देते हुए हटाए गए नामों का विधानसभा, जिला और कारणवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। पटवारी के अनुसार, दिसंबर 2025 की ड्राफ्ट प्रक्रिया में 42,74,160 नामों से संबंधित जानकारी या फॉर्म उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई थी।

Related Articles