
ब्राह्मणों की बेटियों को लेकर विवादित बयान देने वाले आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा को मसूरी में प्रशासन चलाने और सुशासन की ट्रेनिंग दी जाएगी। विवादित बयान देने के बाद सामाजिक विरोध झेल रहे इस अधिकारी को पांच माह से अधिक समय से सरकार ने बिना काम के बैठा रखा है। मसूरी में सुशासन और बदलते दौर व बदलती तकनीक के साथ कदमताल करते हुए सुशासन की ट्रेनिंग के लिए 46 आईएएस अफसर भी जाएंगे। 15 जून से 10 जुलाई तक मसूरी में होने वाली चौथे फेज की मिड करियर ट्रेनिंग के लिए ये अफसर चिन्हित किए गए हैं, जिसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने करियर ट्रेनिंग पर जाने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसमें कलेक्टर ग्वालियर, रीवा, धार, पन्ना, सागर और संभागायुक्त उज्जैन के भी नाम हैं। इन अधिकारियों ने अब तक मिड करियर ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं लिया है। 2012 बैच के जिन अफसर को मसूरी भेजा जाएगा उसमें सीईओ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन हर्षिका सिंह, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा शामिल हैं।
