
आईआईएम इंदौर ने आइपीमैट 2026 के रिजल्ट घोषित हो चुके हैं। इसमें देशभर से सभी श्रेणियों को मिलाकर 838 विद्यार्थियों की पर्सनल इंटरव्यू राउंड के लिए चुना है। इनमें इंदौर के 16 से ज्यादा विद्यार्थी हैं। देशभर में मैनेजमेंट क्षेत्र में कॅरियर बनाने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए आइपीमैट सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसके माध्यम से छात्रों को आइआइएम इंदौर के पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आइपीएम) में प्रवेश मिलता है। अब चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण पर्सनल इंटरव्यू होगा। इसमें विद्यार्थियों की कम्यूनिकेशन स्किल्स, पर्सनालिटी, कॉन्फिडेंस, जनरल अवेयरनेस और स्कूली शिक्षा के रिकॉर्ड का मूल्यांकन किया जाएगा। इस बार घोषित परिणाम में अनारक्षित कैटेगरी के लिए सेक्शन-वाइज कट ऑफ भी चर्चा में रहा। क्वांटिटेटिव एबिलिटी-शॉर्ट आंसर (क्यूए-एसए) के लिए कट ऑफ 28 अंक, क्वांटिटेटिव एबिलिटी एमसीक्यू (क्यूर-एमसीक्यू) के लिए 27 अंक और वर्बल एबिलिटी (वीए) के लिए 111 अंक निर्धारित किया गया। तीनों सेक्शन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ही अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया।
