यूपी: प्रदेश में कहर बनकर टूटी आंधी-बारिश, 28 लोगों की दर्दनाक मौत

आंधी-बारिश

बिच्छू डॉट कॉम। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार को प्रदेश में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों और तराई क्षेत्रों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। इससे कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस बीच अलग-अलग जिलों में हुए हादसों और बिजली गिरने से प्रदेश भर में 28 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम के कारण भारी तबाही का संज्ञान लेते हुए सभी डीएम को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं। रायबरेली में मकान के टिनशेड के नीचे दबकर शकुंतला (50) की मौत हो गई। अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से केदारनगर के इंद्रजीत (50) की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 10 मौतें बुंदेलखंड में हुईं। इनमें बांदा-हमीरपुर में तीन-तीन, महोबा उरई में दो-दो लोगों की मौत हुई। इसके अलावा मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर में एक-एक व्यक्ति की जान गई।

Related Articles