ओरछा राज महल द पैलेस में होगी टीम खंडेलवाल की पहली कार्यसमिति

मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहली कार्यसमिति बैठक 30-31 अगस्त को ओरछा के राजमहल पैलेस और राजविलास होटल में होगी। कार्यसमिति में सत्ता-संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर विचार मंथन होगा। खासतौर पर युवा, जेन जी व जेन-अल्फा से व्यापक स्तर पर संपर्क-संवाद के कार्यक्रम बनेंगे। सहकारिता, नगरीय निकाय चुनाव सहित मिशन 2028 के रोड-मैप पर भी चर्चा होगी। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों डिप्टी सीएम, केंद्रीय नेता, मंत्री-विधायक, सांसद और प्रदेश पदाधिकारियों सहित करीब 400 नेता शामिल होंगे। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में खंडेलवाल टीम की पहली औपचारिक बैठक को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही है। मुख्य बैठक के पहले 25 अगस्त को टोली बैठक बुलाई गई है। इसमें बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, कार्यसमिति की बैठक स्थल पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 400 अतिथियों को ठहरने के लिए विभिन्न होटलों में व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित अन्य पदाधिकारी ओरछा पहुंचकर जिलाध्यक्ष व अन्य स्थानीय नेताओं के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

Related Articles