उज्जैन के खड़े हनुमानजी को विस्थापित न करें: उमा

उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर को हटा कर रास्ता निकालने की योजना के बीच पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले का ऐसा समाधान निकालने की अपील की है, जिसमें विकास के साथ धार्मिक आस्था का भी सम्मान हो। उमा भारती ने कहा कि उज्जैन और वहां के धार्मिक स्थलों की गरिमा को मुख्यमंत्री से बेहतर कोई नहीं समझ सकता। उमा भारती ने अपने पत्र में उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर के समाधान के लिए भोपाल में अपनाए गए एक पुराने उदाहरण का हवाला दिया है।  उमा भारती ने लिखा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार के समय भोपाल में कमला पार्क के आगे सडक़ का चौड़ीकरण किया गया था। उस दौरान वहां स्थित मस्जिद को नहीं छुआ गया और सडक़ का पूरा प्लान बदलकर निर्माण किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि विकास और आस्था को साथ लेकर चलने की इसी सोच से उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर का भी समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि खड़े हनुमान मंदिर का समाधान मुख्यमंत्री स्वयं भी सोच रहे होंगे।

Related Articles