सुरागों के सहारे निकली भोपाल की पर्यटन खोज यात्रा

 पर्यटन खोज यात्रा
  • युवाओं से लेकर परिवारों तक ने लिया रोमांच का आनंद
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। विश्व पर्यटन दिवस पर रविवार को भोपाल की सडक़ों पर रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और भोपाल सिटी लाइव के संयुक्त तत्वावधान में ट्रेजर हंट कार रैली-सीजन 2 आयोजित की गई। मिंटो हॉल से शुरू हुई रैली में 45 कारों के प्रतिभागियों ने सुरागों और चुनौतियों को हल करते हुए शहर के पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों की खोज की। क्लू और चैलेंज से तलाशे पर्यटन स्थल: रैली में शामिल प्रतिभागियों को अलग-अलग सुराग दिए गए, जिन्हें हल करते हुए उन्हें आगे बढऩा था। इस दौरान उन्होंने भोपाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को नए अंदाज में करीब से जाना। रोमांचक गतिविधियों ने आयोजन को मनोरंजक बना दिया। युवाओं के साथ परिवारों, कार उत्साही और पर्यटन प्रेमियों ने भी उत्साह से भाग लिया।
    मनोरंजन के साथ विरासत से कराया परिचित
    भोपाल सिटी लाइव के संस्थापक अधिवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य मनोरंजन के साथ प्रतिभागियों को भोपाल की पर्यटन विरासत और खूबसूरती से जोडऩा है। रैली के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई।
    पर्यटन स्थलों से जोडऩे का नया तरीका
    मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि ऐसे अनुभव आधारित आयोजन लोगों को पर्यटन स्थलों से नए और रोचक तरीके से जोड़ते हैं। भोपाल की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को इस तरह सामने लाना पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles