मंत्री राकेश सिंह और आईएएस अरविंद शाह में टकराव खत्म

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा जबलपुर स्मार्ट सिटी के सीईओ अरविंद शाह के साथ किए गए व्यवहार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हस्तक्षेप किया है। सोमवार को सीएम हाउस में आईएएस एसोसिएशन के साथ बैठते हुए सीएम ने मामले का पटाक्षेप करने कहा। लेकिन, आईएएस अरविंद शाह अपनी बात पर अड़े हैं और किसी प्रकार से राजीनामा करने से इनकार कर दिया है। इस संबंध में मंत्री सिंह और मप्र आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं, सीईओ शाह ने नो कमेंट्स का मैसेज दिया है। आईएएस शाह ने मंत्री राकेश सिंह द्वारा किए गए व्यवहार की सूचना आईएएस एसोसिएशन को दी थी। इसको लेकर सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान एसोसिएशन ने मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात की और विवाद को लेकर चर्चा की। मंत्री ने कहा कि जैसा दिखाया जा रहा है, वैसा नहीं है, तत्काल कोई रास्ता नहीं निकलने पर सत्र समाप्ति के बाद रात्रि में एसोसिएशन सीएम हाउस पहुंच गया। यहां मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार बैठक में बात आई कि सीईओ शाह महिला के साथ किए गए दुर्व्यवहार और कही गई बातें वापस लें, पर शाह ने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब उन्होंने गलत किया ही नहीं, तो समझौता क्यों करें।
महिला कर्मचारी चाहती हैं, निष्पक्ष जांच हो
महिला कर्मचारी दिलप्रीत कौर भल्ला द्वारा 6 अप्रैल की गई शिकायत में कहा है कि मंत्री ने सीईओ को बुलाकर उनसे कहा था कि आप एक आईएएस अधिकारी होने के नाते समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। आपको एक महिला सहकर्मी के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए था। इस पर सीईओ ने कहा, मेरी भाषा भले ही गलत रही होगी परंतु मेरा भाव गलत नहीं था। शाह ने अपने किए पर खेद प्रकट नहीं किया, जिससे वे आहत, अत्यंत पीड़ा और भय है।

Related Articles