- एक मई से स्नातक और दो मई से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए होंगे प्रवेश

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के लगभग 1200 से अधिक सरकारी और निजी कॉलेजों में एक मई से स्नातक और दो मई से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया के लिए गाइड लाइन व शेड्यूल जारी कर दिया है। ऑनलाइन पंजीयन से शुरू होकर 30 जून तक यह प्रक्रिया चलेगी। खास बात ये है कि इस साल प्रवेश के लिए तीन काउंसलिंग आयोजित की जाएंगी। इसमें शुरुआती दो काउंसलिंग शिक्षा विभाग की तरफ से बनाये गये केंद्रीकृत सिस्टम के जरिये करायी जाएगी। तीसरी काउंसलिंग कॉलेज स्तर पर आयोजित की जाएगी। कॉलेजों को काउंसलिंग का जिम्मा पहली बार दिया गया है। इस तरह विद्यार्थियों को तीन काउंसलिंग का फायदा मिलेगा। जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रवेश पा सकेंगे।
प्रवेश की खास बातें
एनसीटीई एवं परंपरागत पाठ्यक्रमों के लिए पंजीयन शुल्क 100 निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पोर्टल शुल्क पूर्णत: खत्म कर दिया गया है। पहले चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा द्वितीय चरण से सभी विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क 150 निर्धारित किया गया है। ऐसे छात्र जो स्वयं पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए प्रदेश के समस्त महाविद्यालयों में सहायता केंद्र एक मई से ही स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नि:शुल्क पंजीयन सुविधा उपलब्ध रहेगी। छात्रों की सहायता के लिए विभाग द्वारा 24 घंटे सातों दिन हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर एवं हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं। प्रवेश के दौरान छात्रों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करना होगा। इसी आधार पर मेरिट सूची तैयार कर सीटों का आवंटन किया जाएगा। सीट मिलने के बाद छात्रों को तय समय सीमा में फीस जमा करनी होगी अन्यथा उनकी सीट स्वतः निरस्त हो जाएगी और वह अगली सूची में अन्य छात्रों को आवंटित कर दी जाएगी।
छात्राओं को मिलेंगे 25 हजार रुपए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सरकारी कॉलेज में प्रवेश लेने वाली छात्रों को लाड़ली लक्ष्मी योजना से २५००० रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दो किस्तों में दी जाएगी। १२ वीं के बाद कॉलेज में प्रवेश के समय और अंतिम वर्ष में पढ़ाई पूरी होते समय दी जाती है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाड़ली लक्ष्मी योजना में पंजीकृत और मध्य प्रदेश के मूल निवासी की पात्रता होनी चाहिए। योजना में राशि दो चरणों में छात्राओं को दी जायेगी।
5-8 वीं परीक्षा: दोबारा दे सकेंगे फेल और अनुपस्थित छात्र
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मध्य प्रदेश में 5 और 8 वीं कक्षा के फेल और अनुपस्थित छात्र दोबारा फिर से परीक्षा दे सकेंगे। बोर्ड ने मंगलवार को समय सारिणी जारी कर दी है। परीक्षा 1 से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा। 25 मई तक प्रवेश पत्र मिलेगा। छात्र अपना एडमिट कार्ड पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। राज्य शिक्षा केंद्र के प्रवक्ता अमिताभ अनुरागी ने बताया कि दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस परीक्षा से पहले अतिरिक्त पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। जन शिक्षा केंद्रों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां गर्मी से सुरक्षा के लिए केंद्र की ओर से हर परीक्षा केंद्र पर पानी, पंखों की व्यवस्था रहेगी।
पहली बार दी अन्य संकायों में प्रवेश की सुविधा… : अन्य संकाय जैसे बीएससी का छात्र बीकॉम या बीए लेना चाहता है तो उसे काउंसलिंग में छात्रों को साक्षात्कार देना होगा। ये साक्षात्कार 27 अप्रैल से 14 मई तक अग्रणी महाविद्यालयों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। प्रवेश मुख्य विषय के आधार पर दिये जायेंगे। हालांकि विद्यार्थी अपनी रुचि अनुसार विषयों का चयन कर सकेंगे। यह सुविधा पहली बार छात्रों को दी जा रही है।
