
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मक्का-मदीना स्थित रुबात मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बुधवार (29 अप्रैल) को वफ्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल से मुलाकात की और मुतवल्ली सबा अली खान पटौदी और सिकंदर हाफिज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरिफ मसूद ने औकाफ-ए-शाही के दोनों जिम्मेदारों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। मसूद के आरोप पर सिकंदर हफीज ने सफाई दी है। इसके अलावा मसूद के खिलाफ मानहानि का केस करने की बात कही है।
600 करोड़ के गबन का आरोप: विधायक आरिफ मसूद और सिकंदर हाफिज के बीच जारी संग्राम में ऑल इण्डिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी की भी एंट्री हो गई है। ऑल इण्डिया मुस्लिम त्यौहार के संरक्षक शमशुल हसन ने आरोप लगाते हुए कहा, कमेटी ने 600 करोड़ रूपये का गबन किया है। भोपाल रुबात का संचालन पकिस्तानी मूल का अहमद शहजाद कर रहा है जो हमारे देश के लिए शर्म की बात है। पीएम नरेन्द्र मोदी को पूरे मामले में संज्ञान लेना चाहिए। सऊदी अरब के मक्का और मदीना में औकाफ-ए-शाही का रुबात मौजूद है, जहां हाजियों के ठहरने की व्यवस्था की जाती थी। हालांकि साल 2019 से रुबात बंद है, जिसके चलते भोपाल के हाजियों को रुबात में ठहने का मौका नहीं मिल रहा है। इसको लेकर लापरवाही का औकाफ-ए-शाही पर पहले भी गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
पासपोर्ट जब्त करने की मांग
विधायक आरिफ मसूद ने कहा, रुबात का निर्माण मंशा के अनुरूप किया गया था, ताकि रियासत भोपाल के हाजियों को पवित्र स्थलों पर ठहरने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके बावजूद वर्तमान स्थिति में यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के संज्ञान के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। सिंकदर हफीज कभी भोपाल छोडक़र दुबई जा सकते हैं इसलिए उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाये।
