- शैलेन्द्र सिंह को नया चेयरमैन नियुक्त किया

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) को पांच महीने बाद नया अध्यक्ष मिल गया है। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (2010) के सेवानिवृत्त अधिकारी शैलेन्द्र सिंह को रेरा का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। राज्य शासन ने प्रशासनिक और अपीलीय स्तर पर भी दो अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। जानकारी के अनुसार राज्य शासन ने शैलेन्द्र सिंह को रेरा का अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस संजय गुप्ता व आईएएस रविंद्र सिंह को भू संपदा अपीलीय प्राधिकरण में बतौर सदस्य के नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों से प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर के नियमन, बिल्डरों और खरीददारों के बीच विवादों का निपटारा जल्द होने की उम्मीद बनी हैं। प्राधिकरण के सदस्य बनाए गए संजय गुप्ता उज्जैन संभाग के कमिश्नर रह चुके है। उन्हें प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के कारण इस अहम पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह सेवानिवृत्त आईएएस रविन्द्र सिंह को अपीलीय प्राधिकरण में सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया है। अपीलीय प्राधिकरण में रेरा के आदेशों से जुड़े मामलों में अपील करने और संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं की सुनवाई होती है। ऐसे में सिंह के प्रशासनिक अनुभव के आधार हुए उनकी इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं। गौरतलब है कि यह पद पिछले पांच महीने से खाली था। तत्कालीन अध्यक्ष एपी श्रीवास्तव का कार्यकाल मार्च 2026 में समाप्त हो गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने नई नियुक्त की हैं। रेरा रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने और घर या प्रॉपर्टी खरीदने वालों के हितों की रक्षा करता है। प्राधिकरण के सामने प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन, समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने, खरीददारों की शिकायतों और डेवलर्स से जुड़े विवादों जैसे कई मामले लाए जाते हैं।
