अगले माह मप्र के प्रवास पर आएंगे राहुल गांधी

  • अपने विधायकों के क्षेत्रों में राहुल और प्रियंका की सभाएं कराएगी कांग्रेस

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले माह मध्यप्रदेश के प्रवास पर आ सकते हैं। वे पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अगले चुनावों के लिए टिप्स देंगे। ये शिविर उज्जैन या रीवा में आहूत किया जाएगा। निकाय चुनाव की आहट से पहले कांग्रेस अपनी जमीनी पकड़ को और मजबूत बनाने के प्रयास में जुट गई है। पार्टी ने रणनीति बनाई है कि जहां पर कांग्रेस के विधायक हैं, वहां पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरे लगाए जाए। इतना ही नहीं इन क्षेत्रों में भविष्य में राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी के दौरे और सभाएं भी कराई जाएगी। बताया गया है कि राहुल गांधी के उज्जैन और रीवा दौरे को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है। राहुल अपने प्रवास के दौरान बूथ मैनेजमेंट और संगठन की ताकत बढ़ाने पर अपना पूरा फोकस रखेंगे।
आदिवासी क्षेत्रों पर भी नजर
पार्टी आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर भी फोकस बनाए हुए है। इसके लिए जहां आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया को युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है, तो वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी सभी सीटों पर निरंतर दौरे कर लोगों को पार्टी से जोडऩे के लिए काम करेंगे।
विस्थापन को बनाया जाएगा मुद्दा
कांग्रेस सिंगरौली और केन-बेतवा परियोजना को लेकर किए गए आदिवासियों के विस्थापन को मुद्दा बनाएगी। जिसे विशेष तौर पर आदिवासी अंचल में कांग्रेस द्वारा उठाया जाएगा। कांग्रेस आदिवासियों को यह बताने की कोशिश करेंगी कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर आदिवासी वर्ग को सबसे ज्यादा प्रताड़ित कर रही है।
इनका कहना है…
कांग्रेस समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए ट्रेनिंग कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। अगले महीने प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाना है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी आ सकते है। यह शिविर उज्जैन या रीवा में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. संजय कामले संगठन महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी

66 सीटों पर कांग्रेस के विधायक
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 66 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें से एक सीट विधायक के इस्तीफे के कारण पार्टी ने गंवा दी थी। पार्टी इन सभी सीटों को अगले चुनाव की दृष्टि से सुरक्षित करने के लिए प्रयास में अभी से जुटना चाहती है। इसलिए यहां पर पार्टी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दौरे करने पर विचार कर रही है।
पार्टी बुलाएगी आदिवासी सम्मेलन
जानकारों की मानें तो राहुल गांधी के प्रदेश प्रवास के दौरान कांग्रेस आदिवासी सम्मेलन आयोजित कर सकती है। जिसमें पूरे प्रदेश से आदिवासियों को बुलाया जाएगा। बताया गया है कि भोपाल में जल्द ही सम्मेलन को लेकर बैठक हो सकती है, जिसमें सम्मेलन की तैयारियों और उसकी रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।

Related Articles