
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश सरकार में प्रमुख सचिव के पदों पर पिछले दो वर्षों से अधिक समय से बैठे हुए कई विभागों के प्रमुख सचिवों को अब नवीन पदस्थापना का इंतजार है। मुख्य रूप से स्कूल शिक्षा विभाग, राजस्व, वित्त एवं आबकारी सहित तीन और अन्य विभाग के प्रमुख सचिवों को लगभग एक महीने पूर्व तैयार की गई लिस्ट का जारी होने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। मध्य प्रदेश के 26 से अधिक जिलों की कलेक्टर की पदस्थापना के समय से ही तैयार इस सूची के ऊपर लगा ग्रहण समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा। परंतु कई विभाग के प्रमुख सचिवों ने अब अपने विभागों में रुचि लेना ही बंद कर दिया। देखते हैं एक महीने से अधिक समय से लंबित प्रमुख सचिव पदस्थापना की यह सूची कब जारी होती है।
मंत्रालय में परिवहन विभाग में अचानक बढ़ी रौनक
मंत्रालय में परिवहन विभाग के अंतर्गत वर्ष 2025 से बंद किए गए आरटीओ टोल नाकों के पश्चात लगभग एक वर्ष से विभाग में सन्नाटा रहता था। परंतु पिछले चार दिवस पूर्व मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा जैसे ही उपरोक्त टोल बैरियर पुन: प्रारंभ होने का आदेश जारी हुआ है, तब से ही मंत्रालय के परिवहन विभाग में अचानक रौनक लौट आई है। इस विभाग के मंत्री से लेकर प्रमुख सचिव के चेंबर के बाहर अब खुशनुमा माहौल रौनक एवं चहल-पहल के चलते विभाग के अधिकारियों के चेहरे पर भी खुशी का माहौल है।
पिछले कई वर्षों से गृह विभाग अंतर्गत मंत्रालय में रिवाल्वर लाइसेंस की शाखा में रौनक एवं भीड़भाड़ के तमाशे हर किसी ने देखे हैं। उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच इस विभाग में पदस्थ लगभग एक दर्जन अधिकारी कर्मचारियों की टेबलों पर हमेशा भीड़ लगी रहती थी। परंतु पिछले दो वर्षों के अंतराल में गृह विभाग का कोई मंत्री न होने के कारण एवं यह विभाग मुख्यमंत्री जी के पास होने के कारण पिछले दो वर्षों में यह विभाग अर्थात शाखा पूरी तरह समाप्ति की ओर जा चुकी है। रौनक समाप्त हो चुकी है, बाबू अपनी अपनी टेबल बदल चुके हैं। इंतजार है कोई गृहमंत्री आएगा और इस विभाग की रौनक वापस लौटेगी।
