बड़े स्तर पर होगी आईपीएस अफसरों की नई जमावट

आईपीएस
  • अगले हफ्ते आ सकती है ट्रांसफर लिस्ट, 7 जिलों में नए एसपी की संभावना
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम।
    मध्य प्रदेश के पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी है। गृह विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक अगले सप्ताह तक आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी हो सकती है। प्रस्तावित सूची में करीब 15 जिलों के पुलिस अधीक्षकों में बदलाव की संभावना बताई जा रही है। वहीं 2012 बैच के अधिकारियों के प्रमोशन और लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ अधिकारियों की नई जमावट के कारण कई जिलों में नए एसपी भेजे जा सकते हैं।
    सूत्रों के अनुसार इसी साल आईपीएस में प्रमोट हुए और करीब नौ साल की वेटेज वाले सात अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग दी जा सकती है। इन्हें जिलों में एसपी या कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल और इंदौर कमिश्नरेट में खाली डीसीपी पदों को भी नई सूची में भरा जा सकता है। सितंबर में भी मध्य प्रदेश में 10 आईपीएस और 127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के तबादले किए गए थे।
    भोपाल-इंदौर में खाली डीसीपी पद भरेंगे
    कमिश्नरेट व्यवस्था में भी नई पोस्टिंग की तैयारी है। भोपाल में डीसीपी ट्रैफिक और डीसीपी इंटेलिजेंस के पद खाली हैं। वहीं इंदौर में जोन-4 डीसीपी का पद रिक्त बताया जा रहा है। भोपाल में डीआईजी बनने के बाद श्रद्धा तिवारी डीसीपी हेडक्वार्टर का दायित्व संभाल रही हैं। उनकी भी नई पोस्टिंग होने की स्थिति में इस पद पर दूसरे अधिकारी को भेजा जा सकता है। इससे भोपाल और इंदौर कमिश्नरेट में डीसीपी स्तर पर करीब चार नई पोस्टिंग की गुंजाइश बन रही है।
    2012 बैच के प्रमोशन से बदलेंगे कई समीकरण
    2012 बैच के आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी रैंक पर प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। साल के अंत तक बैच के अधिकारियों को प्रमोशन के बाद नई पदस्थापना मिलनी है। इससे वर्तमान में एसपी के रूप में पदस्थ कई अधिकारी आईजी बनेंगे और उनके पद खाली होंगे। सूत्रों के मुताबिक करीब छह जिलों के वर्तमान एसपी प्रमोशन के बाद बदले जा सकते हैं। इसी बैच की एक महिला अधिकारी, जो मानवाधिकार आयोग में एसपी के पद पर हैं, के भी प्रमोशन की संभावना है।
    7 जिलों में बदल सकते हैं एसपी
    संभावित फेरबदल में जबलपुर, निवाड़ी, सीधी, ग्वालियर, रतलाम, छिंदवाड़ा और सागर के एसपी बदले जाने की चर्चा है। हालांकि अंतिम निर्णय और जिलों की संख्या शासन स्तर पर सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। सूत्रों के मुताबिक सरकार जिलों में नई जमावट करते हुए लंबे समय से फील्ड में पदस्थ अधिकारियों को हटाकर अपेक्षाकृत जूनियर बैच के अधिकारियों को भी कमान दे सकती है।
    ग्वालियर-जबलपुर में नए आईजी की संभावना
    ग्वालियर में अरविंद सक्सेना के रिटायरमेंट के बाद आईजी का पद खाली है। जबलपुर में आईजी का प्रभार प्रमोद वर्मा संभाल रहे हैं, जिन्हें ्रष्ठत्र पद पर प्रमोट किया जा चुका है। ऐसे में दोनों रेंज में नए आईजी की पोस्टिंग भी आगामी फेरबदल का हिस्सा हो सकती है।
    इन नामों की चर्चा
    सूत्रों के मुताबिक संभावित फील्ड पोस्टिंग के लिए समीर सौरभ, निमिषा पांडेय, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सव्यसाची सराफ, समर वर्मा, दीपक शुक्ला, अंकित सोनी, मनोहर सिंह मंडलोई, संजीव कंचन, मनीष खत्री, नागेंद्र सिंह, हितेष चौधरी, निवेदिता गुप्ता और श्रुतकीर्ति सोमवंशी समेत कई नामों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से किस अधिकारी को किस जिले या कमिश्नरेट में जिम्मेदारी मिलेगी, यह अंतिम आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रस्तावित सूची में केवल जिलों के एसपी ही नहीं, बल्कि बटालियन, रेडियो और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अधिकारियों की नई पोस्टिंग भी हो सकती है। करीब आठ ऐसे अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं जो वर्तमान में बटालियन में कमांडेंट, रेडियो में वरिष्ठ पद या पीएचक्यू में आईजी स्तर पर पदस्थ हैं। सरकार जिलों में नए अधिकारियों को भेजने के साथ इन पदों पर भी नई जिम्मेदारियां तय कर सकती है। आईपीएस तबादलों के साथ ही पुलिस महकमे में भी प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में पहुंच रही है।

Related Articles