
- मुख्यमंत्री ने सेंट्रल बॉडी मीटिंग में किया मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग पीयूष गोयल के साथ उद्योग निवेश संवर्धन की सर्वोच्च सेंट्रल बॉडी की बैठक में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। मुख्यमंत्री ने यहां राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तीसरी बैठक में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स में कहा कि हमारी सरकार ने केंद्र सरकार की भव्या योजना (भारत औद्योगिक विकास योजना) के माध्यम से उद्योग विकास के कुछ प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। प्रदेश में पर्याप्त लैंडबैंक के साथ बिजली एवं नवकरणीय ऊर्जा की पर्याप्त उपलब्धता है। राज्य में निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। हमने 25 से अधिक नई औद्योगिक नीतियों के माध्यम से व्यापार एवं उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया था, जिसका कार्य बड़ी तेजी से प्रगति की ओर है। केंद्रीय मंत्रीगण ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने देश-दुनिया के सभी निवेशकों का विश्वास जीता है और आज मध्यप्रदेश पूरे देश में निवेशकों के सर्वाधिक पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
आतंकी नेटवर्क का सफाया, आतंकवाद के प्रति हमारी जीरो-टॉलरेंस का प्रमाण: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सफल ऑपरेशन इस बात का संकेत है कि भारत आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंसी रखता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता के बाद भारत अब देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले हर तत्व के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जारी रखेगा।
लगभग 30 प्रतिशत निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। रोजगारपरक उद्योगों से देश समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और इसी से हर वर्ग के कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में बीते वर्ष को ‘रोजगार एवं उद्योग वर्ष’ के रूप में मनाया गया। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के माध्यम से प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 30 प्रतिशत निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतर चुके हैं, जो प्रदेश में बढ़ते निवेश और उद्योग जगत के हम पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता, उद्योगों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से विकसित की जा रही औद्योगिक परियोजनाओं की जानकारी दी।
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने देशवासियों को दी जानकारी
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पर देशवासियों को जानकारी दी कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आईएसआई समर्थित आतंकी गुट शहज़ाद भट्टी नेटवर्क को खत्म कर दिया और 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार करके उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है। गृह मंत्री शाह ने बताया कि आईएसआई से फंड पाने वाले इस गुट के पास से भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया गया। जिसमें आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल थे। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था।
