भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में एमपी का बढ़ा कद

  • संगठन से किसान-मीडिया तक 8 नेताओं को अहम जिम्मेदारी
  • गौरव चौहान
भाजपा

भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का राजनीतिक और संगठनात्मक कद और बढ़ गया है। पार्टी की ओर से घोषित नई जिम्मेदारियों में मध्य प्रदेश से जुड़े आठ नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। खास बात यह है कि इन नेताओं को संगठन, आदिवासी-दलित राजनीति, किसान मोर्चा और मीडिया से लेकर केंद्रीय कार्यालय तक अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारियां मिली हैं। इससे राष्ट्रीय संगठन में मध्य प्रदेश की मौजूदगी पहले के मुकाबले और प्रभावशाली नजर आ रही है।
नई टीम में लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, खरगोन सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। खजुराहो सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वहीं सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-महासचिव (संगठन), मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी, राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन से किसान और मीडिया तक एमपी की हिस्सेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश से जुड़े नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी मिलना महज संख्या बढऩे का मामला नहीं है, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आठ नेताओं में वरिष्ठ संगठनकर्ताओं से लेकर सांसद, पूर्व मंत्री और मीडिया संगठन में सक्रिय नेताओं तक को स्थान मिला है। खास तौर पर गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना आदिवासी राजनीति और संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। वहीं बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा की कमान सौंपकर पार्टी ने मध्य प्रदेश के किसान संगठन के अनुभव का राष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल किया है। तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी और आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया टीम में स्थान मिलने से संगठन के प्रशासनिक और प्रचार-प्रसार तंत्र में भी प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ी है।
लाल सिंह आर्य: दलित राजनीति का अनुभवी चेहरा
भाजपा के वरिष्ठ दलित नेता लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे मध्य प्रदेश की गोहद विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। लंबे संगठनात्मक अनुभव और दलित समाज के बीच सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
गजेंद्र सिंह पटेल: सांसद से राष्ट्रीय महामंत्री तक
खरगोन से लगातार दूसरी बार लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। पटेल वर्ष 2017 में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और बाद में प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2019 में पहली बार खरगोन से लोकसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2021-22 में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2024 में दूसरी बार लोकसभा पहुंचे और अब उन्हें पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक पदों में से एक राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व दिया गया है।
कविता पाटीदार: राष्ट्रीय टीम में संगठन का अनुभव
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वे इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष और भाजपा की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। वर्ष 2022 में राज्यसभा पहुंचने के बाद उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। अब राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी मिलने से उनका राजनीतिक कद और बढ़ा है।
विष्णुदत्त शर्मा: प्रकोष्ठ संकुल की कमान
खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वे लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और इसके बाद भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। फरवरी 2020 से जुलाई 2025 तक वे मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। वर्ष 2019 और 2024 में खजुराहो से लोकसभा चुनाव जीतने वाले शर्मा को संगठनात्मक कामकाज का लंबा अनुभव है। अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रकोष्ठों के समन्वय की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
तरुण चुघ: राष्ट्रीय कार्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। वे इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई भूमिका में केंद्रीय कार्यालय के संचालन और संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
बंसीलाल गुर्जर: किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान
राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रमुख किसान नेताओं में गिने जाने वाले गुर्जर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगठन में लंबे अनुभव के बाद वर्ष 2024 में वे राज्यसभा पहुंचे। अब उन्हें किसान मोर्चा की राष्ट्रीय जिम्मेदारी देकर पार्टी ने किसानों से जुड़े संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने का दायित्व सौंपा है।
सौदान सिंह का बढ़ा कद
विदिशा जिले के कागपुर निवासी सौदान सिंह को नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय सह-महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। संगठन के क्षेत्र में लंबे अनुभव वाले सौदान सिंह की नई भूमिका को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनका मुख्यालय चंडीगढ़ रहेगा।
आशीष अग्रवाल की राष्ट्रीय मीडिया टीम में एंट्री
मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। वे प्रदेश भाजपा के मीडिया संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। अब राष्ट्रीय मीडिया टीम में जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका बढ़ेगी।

Related Articles