
- ई व्हीकल के मामले में मध्य प्रदेश ने लगाई बड़ी छलांग
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में ई व्हीकल को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में पिछले एक साल में ई व्हीकल पंजीयन में 124 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में 2 पहिया ई व्हीकल की संख्या बढक़र 1 लाख 6 हजार 136 पहुंच गई है। इस क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कामों के चलते मध्य प्रदेश ने इंडिया इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इंडेक्स 2025 में बड़ी छलांग लगाई है। मध्य प्रदेश में 23वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंच गया है।
इसकी शुरूआत 25 सितंबर से भोपाल से होने जा रही है। केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। शुरूआती चरण में ई बसों के माध्यम से भोपाल से आसपास के शहरों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए 350 ई बसों को चलाया जाएगा।
7 माह में 1 लाख ई व्हीकल रजिस्टर्ड
प्रदेश में ई व्हीकल की संख्या तेजी से बढ़ रही है। साल 2024-25 में ई व्हीकल की संख्या सिर्फ 58 हजार 524 थी, जो साल 2025-26 में बढक़र 1 लाख 31 हजार 158 पहुंच गई है। इसमें 124 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में 2 पहिया ई व्हीकल की संख्या 54 हजार 108 से बढक़र 1 लाख 6 हजार 136 पहुंच गई है।
तीन पहिया ई व्हीकल की संख्या 3 हजार 61 से बढक़र 19 हजार पहुंच गई है, जबकि चार पहिया ई व्हीकल की संख्या 3486 पहुंच गई है। हालांकि इस साल ई व्हीकल की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। प्रदेश में मार्च से सितंबर माह के बीच 1 लाख 64 ई व्हीकल के रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं। यानि प्रदेश में खरीदे जा रहे वाहनों में 10 फीसदी लोग इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीद रहे हैं।
प्रदेश में 1780 चार्जिंग स्टेशन
प्रदेश में ई व्हीकल के लिए चार्जिंग स्टेशन को लगातार बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में 1780 चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो चुके हैं। इसमें सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कपंनियों द्वारा 650 स्टेशन और निजी चार्जिंग प्वाइंट ऑपरेटर द्वारा 1130 स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं।
ई व्हीकल को लेकर सरकार उठा रही कदम
राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में ई व्हीकल को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश ई वाहन नीति 2025 के तहत प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन को मॉडल ईवी सिटी के रूप में चिन्हित किया गया है। इन शहरों में ई व्हीकल के रूप में वातावरण तैयार किया गया है। राज्य सरकार प्रदेश भर में ई बस चलाने जा रही है।
