
- इन्वेस्ट इंडिया रिपोर्ट में बड़ी उपलब्धि
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भारत सरकार की नेशनल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी इन्वेस्ट इंडिया द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, रोजगार सृजन में देश में मप्र नंबर वन बन गया है। केंद्र सरकार की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, निवेश को धरातल पर उतारने और उसे युवाओं के लिए नौकरियों में बदलने में मध्यप्रदेश ने आंध्र प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साल 2025 को प्रदेश में रोजगार और उद्योग वर्ष के रूप में घोषित किया था। प्रदेश सरकार ने पिछले साल से रोजगार बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास शुरू किए थे। इस दौरान देश विदेश में रोड शो, इन्वेस्टर मीट और संभागीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के जरिए निवेशकों को लुभाने के प्रयास किए गए। सरकार की यह भी कोशिश रही कि नए उद्योग और कारोबार केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहें, बल्कि छोटे नगरों को भी इसका लाभ मिले।
युवाओं को मिला फायदा
निवेशकों को जमीन, बिजली और कनेक्टिविटी के साथ ही सबसे ज्यादा जरूरत फैक्ट्री या व्यापार में काम करने वाले हुनरमंद स्टाफ की होती है। प्रदेश की आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थाओं को आधुनिक बनाते हुए नए कोर्स शुरू किए गए और विद्यार्थियों का सीधा प्लेसमेंट इंडस्ट्री में कराया गया। इसके अलावा युवा संगम और रोजगार मेलों जैसे आयोजनों ने युवाओं और कंपनियों के बीच की दूरी को कम किया है। वित्तवर्ष 2025-26 के दौरान इन्वेस्ट इंडिया ने देश के 14 राज्यों में करीब 6.1 बिलियन डॉलर के निवेश वाली 60 परियोजनाओं को शुरू करने में मदद की है।
