- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास करने के निर्देश दिए

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा उज्जैन संभाग के जिला अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा एवं विधानसभा प्रभारियों की महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों द्वारा संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात विधानसभा प्रभारियों की कार्यशाला को प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य कमलेश्वर पटेल एवं सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचव ने संबोधित किया। कार्यशाला में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, संगठन महासचिव संजय कामले एवं संगठन प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी महेंद्र जोशी, मतदाता सूची प्रभारी ललित सेन, आनंद जाट ने भी अपने विचार रखे। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें विधानसभा स्तर पर पंचायत कांग्रेस कमेटियों का सत्यापन करने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा सृजन संवाद के माध्यम से संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने का दायित्व सौंपा गया है। पटवारी ने कहा कि विधानसभा प्रभारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्टी द्वारा 230 प्रभारियों का चयन पूरी सावधानी और उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।
बिना कार्य के पद का कोई महत्व नहीं
पटवारी ने बताया कि बैठक में जिला अध्यक्षों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और राष्ट्रीय पदाधिकारी चल्ला वामशी चंद रेड्डी द्वारा पिछले 6 महीनों के कार्यों एवं तय मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। कनेक्ट सेंटर के माध्यम से भी पदाधिकारियों के प्रदर्शन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद केवल नाम के लिए नहीं होता, बल्कि जिम्मेदारी निभाने के लिए होता है। बिना कार्य के पद का कोई महत्व नहीं है। पटवारी ने कहा कि बैठक की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ की गई, जो कांग्रेस की राष्ट्रभक्ति और विचारधारा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं।
कांग्रेस के बलिदानों की गिनती नहीं करते
भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि भाजपा के लोग राष्ट्रवाद की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस के बलिदानों की गिनती भी नहीं कर सकते। पटवारी ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि देश को मजबूत बनाना है तो कांग्रेस को पंचायत और गांव स्तर तक ले जाना होगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना ही कांग्रेस की प्राथमिकता है।
