
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा शुरू करने जा रहे हैं। करीब 1000 किलोमीटर की इस यात्रा को उन्होंने ‘सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा’ नाम दिया है। दिग्विजय सिंह का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य धर्म को राजनीति का साधन बनाने और धर्म के नाम पर आर्थिक लाभ लेने वालों के खिलाफ आवाज उठाना है। 80 साल की उम्र में इतनी लंबी पदयात्रा करने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उम्र भले ही 80 साल है, लेकिन वह खुद को 50 साल का महसूस करते हैं। उन्होंने सावरकर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इनके कारण सनातन धर्म की मूल भावना को नुकसान पहुंचा है।
1400 करोड़ का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग: पूर्व मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण की लागत को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिस निर्माण की लागत करीब 800 करोड़ रुपये बताई गई थी, वह बढक़र 2200 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके अलावा उन्होंने 1989 में हुए राम शिला पूजन के दौरान जुटाए गए करीब 1400 करोड़ रुपये और चांदी की ईंटों का हिसाब भी सार्वजनिक करने की मांग की। दिग्विजय सिंह के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर जैसे आस्था से जुड़े विषय पर इस तरह के बयान देने को करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
राम मंदिर के चंदे को लेकर क्या कहा?
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के लिए मिले चंदे और उससे जुड़े खर्च को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के लिए जुटाए गए चंदे का इस्तेमाल भाजपा और संघ के कार्यालय बनाने के साथ चुनावी गतिविधियों में भी किया गया। उन्होंने मंदिर में मिले दान में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि नकद और सोने-चांदी को मिलाकर करीब 200 से 300 करोड़ रुपये की हेराफेरी हुई। उनका यह भी दावा है कि मंदिर से जुड़े आठ महीने के सीसीटीवी फुटेज को डिलीट कर दिया गया।
