
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र में तबादलों की अंतिम डेट लाइन 15 जून है। किंतु अभी भी कई विभागों में ऊहापोह की स्थिति है। कई शासकीय सेवकों को उम्मीद है कि 15 तारीख की डेट लाइन और आगे बढ़ेगी। कई विभागों ने जिले के अधिकारियों को साफ तौर पर हिदायत दी है कि वह अपने यहां की रिक्त पदों की जानकारी एक-दो दिन में अनिवार्य रूप से भेज दे। रिक्त पदों की सूची में कोई विसंगति नहीं होनी चाहिए। यदि गलत पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ कई विभागों ने ऑनलाइन आवेदनो की तारीख अब क्लोज कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछली कैबिनेट बैठक में स्पष्ट तौर पर कहा था कि हर हाल में 15 जून तक तबादले कर लिए जाए। उन्होंने एक से लेकर 15 जून के बीच की छूट ही दी थी। उसे दौरान कई मंत्रियों ने महज 15 दिन में तबादले नहीं हो पाने की दिक्कतें बताई थी, हालांकि उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह किसी भी सूरत में तबादले की डेट नहीं बढ़ाएंगे। हर हाल में इसी अवधि में तबादले की पूरी प्रक्रिया पूरी करना है। मुख्यमंत्री के इस निर्देश का भी असर हुआ। विभागीय तौर पर उसी समय से तबादलों की तैयारी शुरू हो गई थी। हालांकि अभी भी कुछ ऐसे विभाग हैं, जिन्हें लग रहा है की डेट लाइन और बढ़ाई जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने जिलों से मंगाई जानकारी
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी 55 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि वे रिक्त पदों की जानकारी तीन दिन के अंदर मुख्यालय भेजें। इसके बाद ही स्कूल शिक्षा विभाग में में रिक्त रिक्त पदों पर तबादले की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आपकी जानकारी पूरी तरह से दुरुस्त और सही होनी चाहिए। यदि कहीं से कोई गलत जानकारी मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में मुख्यालय स्तर पर तबादले की प्रक्रिया शुरू की गई है, किंतु मंत्रालय में इसकी जानकारी नहीं है।
