
- मंत्री और अफसर इलेक्ट्रिक बस से पहुंचेंगे कैबिनेट बैठक में
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासन में रविवार को एक अलग तस्वीर देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल जिले के ऐतिहासिक जगदीशपुर में होने वाली विशेष कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी वीआईपी काफिलों की बजाय इलेक्ट्रिक बसों से सामूहिक रूप से पहुंचेंगे। सरकार ने इसे सादगी, मितव्ययिता और शासकीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की पहल बताया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और उनका स्टाफ मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। यहां से तीन इलेक्ट्रिक बसों के जरिए सभी एक साथ जगदीशपुर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान मंत्रियों के शासकीय वाहन, व्यक्तिगत वाहन, पायलट और फॉलो वाहन मुख्यमंत्री निवास पर ही रहेंगे। वहीं, कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले वरिष्ठ अधिकारी भी अपने वाहन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्क कर इलेक्ट्रिक बसों से बैठक स्थल पहुंचेंगे। इलेक्ट्रिक बसों से सामूहिक यात्रा करने से ईंधन की बचत होगी, वीआईपी काफिलों की संख्या कम होगी, यातायात पर दबाव घटेगा और शासकीय संसाधनों का अधिक मितव्ययी उपयोग सुनिश्चित होगा।
सादगी का संदेश देने की कोशिश
इलेक्ट्रिक बसों से सामूहिक यात्रा करने से ईंधन की बचत होगी, वीआईपी काफिलों की संख्या कम होगी, यातायात पर दबाव घटेगा और शासकीय संसाधनों का अधिक मितव्ययी उपयोग सुनिश्चित होगा। इसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सादगी, सुशासन और जनधन के विवेकपूर्ण उपयोग की कार्यशैली का प्रतीक माना जा रहा है।
