
- मंडल व जिला प्रशिक्षण वर्ग की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में पहले से अधिक सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठन द्वारा चलाया जा रहा प्रशिक्षण अभियान भविष्य की राजनीतिक सफलता का मजबूत आधार बनेगा। मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के लगभग 80 प्रतिशत भू-भाग पर भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अस्थिरता के बावजूद भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जहां कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। पार्टी में पद वंशवाद या परिवारवाद से नहीं, बल्कि परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने भाजपा की संकल्प शक्ति को सिद्ध किया है।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी 1313 मंडलों और 62 संगठनात्मक जिलों में प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन कार्यकर्ता शक्ति और संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब कार्यकर्ता उसमें मिली सीख को अपने व्यवहार, आचरण और कार्यशैली में उतारेंगे।
