मप्र में पुलिस भर्ती का बड़ा मौका, 9 सितंबर से आवेदन

  • एसआई और सूबेदार के 507 पदों पर होगी भर्ती

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल  ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार भर्ती परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया के जरिए 507 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार के लिए 28 सितंबर तक का समय दिया गया है। भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
भर्ती में सबसे ज्यादा पद उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल) के हैं।  312 पद  उप निरीक्षक, जिला पुलिस बल, 81 पद  सूबेदार, 69 पद  उप निरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल, और 45 पद  आम्र्स, फोटो, फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी शाखाएं इस तरह पुलिस विभाग की अलग-अलग शाखाओं में कुल 507 पद भरे जाएंगे।
विशेष सशस्त्र बल में सिर्फ पुरुष अभ्यर्थी
भर्ती नियमों में पद के अनुसार पात्रता अलग-अलग रखी गई है। विशेष सशस्त्र बल के उप निरीक्षक पद पर केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों के लिए पदवार पात्रता और आरक्षण नियमों को ध्यान से देखना जरूरी होगा। अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपये रखा गया है। मध्य प्रदेश के निवासी ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त आवेदन के माध्यम के अनुसार शुल्क भी लगेगा। कियोस्क के माध्यम से आवेदन पर 60 रुपये अतिरिक्त और एमपी ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त लगेंगे। विभागीय उम्मीदवारों के लिए शुल्क अलग रखा गया है। अनारक्षित वर्ग के विभागीय उम्मीदवारों को 200 रुपये, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा।
आवेदन से पहले दस्तावेज जांच लें
कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, मूल निवास और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित पात्रता जांचने की सलाह दी है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान निर्धारित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन में गलत जानकारी देने या बाद में पात्रता संबंधी कमी सामने आने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी किसी भी चरण में निरस्त की जा सकती है।
28 अक्टूबर से परीक्षा, दो पालियों में होगा आयोजन
ऑनलाइन आवेदन 9 से 23 सितंबर तक लिए जाएंगे। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 28 सितंबर है। इसके बाद 28 अक्टूबर से भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। करीब पांच सौ से ज्यादा पदों वाली इस भर्ती से पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ा अवसर मिलेगा। खासकर 312 जिला पुलिस एसआई पद होने के कारण प्रतियोगी अभ्यर्थियों के बीच इस भर्ती को लेकर खासा उत्साह रहने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले MPESB की आधिकारिक नियम पुस्तिका में पदवार योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड, परीक्षा पैटर्न और आरक्षण संबंधी प्रावधान जरूर जांच लें।

Related Articles