भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भाजपा ने संगठन के विस्तार और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए जिला स्तर से लेकर बूथ तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया है। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शनिवार को भोपाल और रायसेन जिले की कोर ग्रुप एवं जिला बैठकों में कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क करने, संगठनात्मक प्रवास बढ़ाने और सेवा कार्यों के जरिए लोगों की समस्याओं से जुडऩे को कहा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में चंद्रशेखर ने कहा कि संगठन की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की गतिविधियों और विचारधारा को पहुंचाएं। इसके लिए नियमित बैठकें, आपसी समन्वय और जिम्मेदारियों की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार केवल औपचारिक कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि जनता के बीच निरंतर उपस्थिति और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता से होगा। भोपाल की बैठक में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बूथ स्तर पर कामकाज की समीक्षा
चंद्रशेखर ने जिला अध्यक्षों से संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक प्रवास के साथ जनसंपर्क गतिविधियों की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करें। सामाजिक विषयों पर जागरूकता और तथ्यों के आधार पर संवाद भी संगठनात्मक गतिविधियों का हिस्सा होना चाहिए।
18/10/2026
0
0
Less than a minute
You can share this post!
