भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह प्रदेश को कई सौगातें देने भोपाल आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न बैठक में केंद्रीय मंत्री शाह के प्रस्तावित दौरे के संबंध में मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा अधिकारियों को जरुरी तैयारियों के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय मंत्री शाह न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद वे गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री शाह भौरी के पास आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास और परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। शाम को केंद्रीय मंत्री शाह नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री शाह दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब की सौगात भी देंगे। इन परियोजनाओं में उज्जैन में 255 करोड़ से डेयरी प्लांट और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट भी शामिल है। इस मौके पर भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन, भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं की सहायता राशि देंगे। साथ ही गोपालक दीदीयों के सम्मान और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।
