
- प्रदेश उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो हुई
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मप्र राज्य परिषद के चुनाव वर्ष 2026-2031 की प्रक्रिया जारी है। नाम वापसी के बाद मप्र राज्य परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। पुरुष वर्ग में उपाध्यक्ष के 5 पदों के लिए 11 नामांकन वैध पाए गए थे। इनमें से 5 दावेदारों ने नाम वापस ले लिए हैं। अब 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे ही महिला वर्ग में उपाध्यक्ष के 5 पदों के लिए 8 नामांकन वैध पाए गए थे। इनमें से 3 ने नाम वापस ले लिए हैं। इस तरह महिला उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। मप्र राज्य परिषद की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची के अनुसार पुरुष वर्ग में सुमित पचौरी भोपाल, प्रमोद जाट इंदौर, विराम जैन सतना, विष्णु प्रसाद वर्मा देवास, तुकाराम दुर्गे छिंदवाड़ा और अजय मिश्रा सीधी चुनाव मैदान में हैं। महिला वर्ग में सरोज चौकसे भोपाल, दीपिका बैरागी मंदसौर, सरोज राजपूत टीकमगढ़, आशा सिंह ग्वालियर और मीना डागौर इंदौर निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स परिषद के उपाध्यक्ष के चुनाव 23 सितंबर को राज्य मुख्यालय भोपाल में होंगे। इसी दिन परिणाम भी आएंगे। निर्वाचन के बाद पहली कार्यकारिणी बैठक में अध्यक्ष पद के लिए आमंत्रण और कोषाध्यक्ष का मनोनयन कार्यकारिणी द्वारा किया जाएगा।
