कार्यक्रम में हंगामा: खडग़े बोले- मोदी क्या! मोदी का बाप भी जाएगा

खडग़े

बिच्छू डॉट कॉम। बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में रविवार को आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान भारी हंगामा हो गया। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया। समारोह के दौरान जब खडग़े अपना भाषण दे रहे थे, तभी दर्शक दीर्घामें मौजूद एक शख्स अचानक खड़ा हुआ और जोर से बोला-मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी। इस पर खडग़े ने तीखा रुख अपनाते हुए मंच से कहा-मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा। उन्होंने इस वाक्य को तीन बार दोहराया। खडग़े के इस बयान के तुरंत बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताने वाले उस शख्स की जमकर पिटाई कर दी। गौरतलब है कि इससे पहले 27 अगस्त 2025 को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी मोदी की स्व.माता को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई थी, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। खडग़े के बयान पर भाजपा ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने अपने एक्स पर बयान जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा-जिस भाषा का इस्तेमाल कभी गुंडे और मवाली करते थे, आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सार्वजनिक मंचों से वैसी ही भाषा बोल रहे हैं। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि माफिया गैंग प्रतीत होती है। कांग्रेस की पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो चुकी है।

Related Articles