
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) ने बुधवार को कक्षा 10वीं और 12वीं की नियमित बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। बोर्ड ने आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ डिजीलॉकर पोर्टल पर परीक्षा के नतीजे जारी किए हैं। ऐसे में जो छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे और रिजल्ट जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वे अब अपने रोल नंबर और कैप्चा कोड के माध्यम से परिणाम चेक कर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल छत्तीसगढ़ 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 77.15 रहा। वहीं, इस बार लड़कियों ने लडक़ों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर बाजी मारी। मैट्रिक की परीक्षा में लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 81 और लडक़ों का पासिंग प्रतिशत 72 रहा। वहीं, इस वर्ष छत्तीसगढ़ 12वीं की बोर्ड परीक्षा का कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 83.04 रहा। इसमें भी लड़कियों का पासिंग प्रतिशत लडक़ों से बेहतर रहा और उत्तीर्णता प्रतिशत 86.4 दर्ज किया गया। वहीं, लडक़ों का उत्तीर्णता प्रतिशत 78.8 रहा।
