
बिच्छू डॉट कॉम। भारत राफेल फाइटर जेट, एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम से लेकर पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमान डील पर बातचीत कर रहा है। इस बीच भारत ने अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को भी खूब बढ़ा लिया है। स्वीडन स्थित प्रतिष्ठित शोध संस्थान स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2026 तक भारत के पास 190 परमाणु हथियार हैं, जबकि पाकिस्तान के पास 170 परमाणु वारहेड ही हैं यानी भारत अब अपने पड़ोसी और लंबे समय से प्रतिद्वंद्वी रहे पाकिस्तान से 20 परमाणु हथियार आगे निकल चुका है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने 2025 में अपने परमाणु हथियार भंडार में एक बार फिर मामूली वृद्धि की है और नए प्रकार की परमाणु हथियार प्रक्षेपण प्रणालियों के विकास को जारी रखा है। यह रिपोर्ट भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु शक्ति संतुलन में एक महत्वपूर्ण बदलाव की ओर इशारा करती है। 8 जून को जारी सिपरी की 2026 की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत का आधुनिकीकरण कार्यक्रम अब लंबी दूरी के ऐसे हथियार विकसित करने पर अधिक केंद्रित है, जो चीन के पूरे क्षेत्र में स्थित लक्ष्यों तक पहुंचने में सक्षम हों।
