
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने देश में एक बड़े और विनाशकारी आर्थिक तूफान के आने की चेतावनी दी है। राहुल गांधी का आरोप है कि पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी ने जो भी आर्थिक नीतियां और ढांचा तैयार किया है, वह देश की जनता के लिए नहीं है। उनका दावा है कि इस पूरे तंत्र को सिर्फ दो बड़े उद्योगपतियों, अडाणी और अंबानी की तिजोरियाँ भरने के लिए तैयार किया गया है। राहुल गांधी ने इस पूरे मामले को समझाते हुए कहा कि जब यह तथाकथित आर्थिक ढांचा ढहेगा, तब इन बड़े पूंजीपतियों का कुछ नहीं बिगड़ेगा। उनके पास देश से बाहर निकलने और खुद को बचाने के सुरक्षित रास्ते मौजूद हैं। लेकिन इस भयानक मंदी की असली मार देश के उस आम आदमी पर पड़ेगी जो कभी इस व्यवस्था का हिस्सा था ही नहीं। उन्होंने कहा कि देश के युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी इस आने वाले संकट के सबसे बड़े शिकार बनेंगे।
