
भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बार फिर से पाकिस्तान पर हमला बोला गया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने कहा कि नरसंहार के कृत्यों का उसका लंबे समय से दागदार रिकॉर्ड दुनिया के सामने है। हरीश ने सशस्त्र संघर्षों में नागरिकों की सुरक्षा मुद्दे पर यूएनएससी की वार्षिक बहस के दौरान यह बयान दिया है। यह टिप्पणी ऐसे समय में की गई जब पाकिस्तान के प्रतिनिधि की ओर से जम्मू-कश्मीर का जिक्र किया गया। हरीश ने कहा-पाकिस्तान का रिकॉर्ड लंबे समय से दागदार रहा है, उसने ऐसे मुद्दों का जिक्र करना चुना है जो पूरी तरह से भारत के आंतरिक मामले हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच इस साल की शुरुआत में तनाव देखने को मिला था। हरीश ने कहा कि दुनिया यह नहीं भूली है कि मार्च में रमजान के पवित्र महीने के दौरान पाकिस्तान ने काबुल में उम्मीद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर एक बर्बर हवाई हमला किया था। हिंसा के इस कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य में 269 नागरिकों की जान चली गई और 120 से ज्यादा घायल हो गए। पाकिस्तान ने एक ऐसी जगह को सैन्य लक्ष्य बनाया जिसे सही नहीं ठहराया जा सकता ह। उन्होंने पाकिस्तान के रवैये को पाखंडपूर्ण बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाला पाकिस्तान अंधेरे की आड़ में निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाता है।
