
बिच्छू डॉट कॉम। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को 24 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण ने शनिवार को यह जानकारी दी है। पीएए की ओर से जारी नोटिस टू एयरमेन में कहा गया है कि यह प्रतिबंध भारत में रजिस्टर्ड, संचालित, स्वामित्व वाले और लीज पर लिए गए विमानों पर लागू होता है। नोटिस में कहा गया है कि पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भारतीय सैन्य और यात्री विमानों के लिए लगाया गया प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेगा। पाकिस्तान ने यह फैसला पिछले प्रतिबंध के खत्म होने से करीब 6 दिन पहले लिया है, जो 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। पाकिस्तान का एयर स्पेस दो फ्लाइट इनफॉर्मेशन रीजन कराची और लाहौर में बंटा हुआ है। पीएए के बयान के अनुसार, यह नोटम कराची और लाहौर दोनों क्षेत्रों पर लागू होगा। पिछले वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए कदमों के तहत भारत ने भी पाकिस्तान में पंजीकृत सभी विमानों, एयरलाइन और सैन्य उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लागू किया हुआ है।
