एनटीए का सर्वर क्रैश! नीट छात्रों से ठगी करने वाले तीन अरेस्ट

एनटीए का सर्वर क्रैश

बिच्छू डॉट कॉम। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जो री-नीट परीक्षा के नाम पर छात्रों और अभिभावकों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था।  पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान के रहने वाले दो आरोपी, सुमेर सिंह मीणा और आकाश मीणा टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झूठा दावा कर रहे थे। वहीं बिहार के एक 19 साल के छात्र को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा फीस रिफंड के पैसे को छात्रों के खातों से उड़ाकर अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करने की कोशिश कर रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान नवीनकुमार शंकर प्रसाद यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है और बीएससी का छात्र है। इधर, देशभर में 21 जून को होने जा रही नीट यूजी परीक्षा को लेकर छात्रों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एनटीए ने परीक्षा के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव तो कर दिए, लेकिन इसके तुरंत बाद ही देश भर के हजारों छात्रों के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो गई। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान छात्रों को भारी तकनीकी दिक्कतों और सर्वर क्रैश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles