
बिच्छू डॉट कॉम। अहमदाबाद के महमूदपुरा में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दावा किया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मेयर हितेश बारोट और मनपा आयुक्त बच्छा निधि घटनास्थल पर पहुंचे। शनिवार को दोपहर शहर के वस्त्रा क्षेत्र में रामोल-गतराद रोड पर स्थित महमूदपुरा टैलेंट फायरवक्र्स फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पटाखों का कारखाना होने के कारण आग ने तेजी से भयंकर रूप ले लिया। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने कहा कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजन के लिए 2-2 लाख की मदद का ऐलान किया है। मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। विस्फोट के कारणों का पता लगाने और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी समेत अन्य जांच एजेंसियों की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। रामोल-गटराड रोड पर खुले मैदान में मेहुल डोडिया नाम का व्यक्ति पटाखा फैक्ट्री चला रहा था।
