
बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर भरौला स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के समीप गुरुवार तडक़े 4 बजे भीषण सडक़ हादसा हो गया। आर्टिका कार हाइवे पर खड़े ट्रक से भिड़ गई। हादसे में दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मृतकों की पहचान खुशबू मार्को (22 वर्ष), रुद्र प्रताप (3 वर्ष), कुलपत सिंह (37 वर्ष), सविता सिंह के रूप में हुई है। हालांकि एक मृतक का नाम नहीं पता चल पाया है। सभी ग्राम लीला, जिला अनूपपुर के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल प्रियंका सिंह का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे का शिकार कर शहडोल की है। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और एक युवक कार के भीतर ही फंस गया, जिसे बाद में बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों को जानकारी दी गई।
