देश की पहली महिला ‘टॉप गन’ बनी बिहार की भावना

महिला टॉप गन

बिच्छू डॉट कॉम। मिथिलांचल की बेटी और भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। भावना ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट से फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस कठिन और प्रतिष्ठित कोर्स को पूरा करने के साथ ही वह देश की पहली महिला टॉप गन बन गई हैं। अब भावना न केवल फाइटर जेट उड़ाएंगी, बल्कि हवाई युद्ध में वायुसेना की टुकडिय़ों का नेतृत्व करने और रणनीतिक संचालन की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। मथुरा रिफाइनरी में इंजीनियर तेजनारायण कंठ और माता राधा देवी की बेटी ने बचपन से ही आसमान छूने की जिद पाल रखी थी। 12वीं तक की पढ़ाई बेगूसराय में हुई। फिर कोटा गईं और अपनी कड़ी मेहनत के बल पर वायुसेना के लिए चुनी गईं। अंबाला एयरबेस से अकेले मिग-21 फाइटर विमान उड़ाकर उन्होंने अपने बचपन के सपने को साकार किया था। वह गणतंत्र दिवस परेड की झांकी में शामिल होने वाली पहली महिला फाइटर पायलट भी रह चुकी हैं।

Related Articles