अमरनाथ यात्रा… कश्मीर में दिनदहाड़े आतंकी हमले के बाद एजेंसियां अलर्ट

श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में दिनदहाड़े आतंकी हमले के बाद अब सुरक्षा प्रबंधों की खामियों पर मंथन शुरू हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि दबाव के चलते आतंकी अब सीधे मुठभेड़ से बच रहे हैं। इसके बजाय वे भीड़-भाड़ वाले शहरी इलाकों में टारगेट किलिंग को फिर से अंजाम देने का षड्यंत्र रच रहे हैं। अनंतनाग हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव और समीक्षा शुरू कर दी है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, आतंकी तीर्थयात्रा के दौरान हमला कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार हासिल करने की कोशिश में हैं। उनका उद्देश्य कश्मीर में सुधरते हालात को प्रभावित करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यहां की स्थिति को लेकर नकारात्मक धारणा को फिर मजबूत करना है। इस साजिश को अंजाम देने के लिए सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर कश्मीर में सक्रिय अपने कैडर को लगातार निर्देश दे रहे हैं। उन पर दबाव बनाए हुए हैं। इसी खतरे को देख सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और आतंकियों तथा उनके ओवरग्राउंड वर्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। कश्मीर मामलों के जानकार अजय बाचलू ने कहा कि अनंतनाग हमला ऐसे समय हुआ, जब यात्रा स्थगित थी और भारी बारिश हो रही थी।

Related Articles