
रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति की जाएगी। यह निर्णय मणिरामदास जी की छावनी में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में किया गया। सचिव की नियुक्ति का औचित्य स्पष्ट करते हुए बताया गया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी की चयन प्रक्रिया पूरी होने में एक माह का अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसे में बैठक के दौरान न्यासी मंडल ने एक सचिव की नियुक्ति किए जाने का निर्णय किया। मीडिया से सतत संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति की घोषणा किए जाने के साथ ट्रस्ट के सदस्य युगपुरुष स्वामी परमानंद तथा कार्यवाहक महासचिव कृष्णमोहन की ओर से जारी वक्तव्य में बताया गया कि ‘समस्त दुष्प्रचार एवं अतिरेकी आरोपों के बावजूद रामजन्मभूमि मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या यथावत है। यह इस बात का प्रमाण है कि आधारहीन, मिथ्या और भ्रामक आरोपों के बाद भी करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास अडिग है। न्यासी मंडल ने इस अटूट समर्थन के लिए संपूर्ण संत समुदाय, देश विदेश से आ रहे भक्तों और अवध के समाज के प्रति आभार जताया है।’
