केंद्र सरकार ने विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर भारत के विजन के तहत देश को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराने का रोडमैप तैयार किया है। इसके अंतर्गत स्माइल – बेगरी योजना के जरिए वर्ष 2031 तक देश के 100 शहरों को भीख-मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भिक्षा वृत्ति मुक्त भारत-भिक्षावृत्ति मुक्त दिल्ली की ओर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता शामिल होकर राष्ट्रीय राजधानी को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा यह योजना वर्तमान में 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 216 शहरों में संचालित की जा रही है। अब तक देशभर में 45,073 लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 13,134 लोगों को पुनर्वास सहायता प्रदान की जा रही है। मंत्रालय के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र-राज्य सरकारों, स्थानीय निकायों, जिला प्रशासन और स्वयंसेवी संगठनों के आपसी तालमेल से काम किया जा रहा है।
