
बिच्छू डॉट कॉम। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से फोन पर बात की। एक पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्र के मुताबिक ट्रम्प ने कहा कि वे होर्मुज पर लगे ब्लॉकेड को लेकर उठाई गई चिंताओं पर विचार करेंगे। सूत्र के मुताबिक दोनों के बीच इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। आसिम मुनीर ने ट्रम्प से कहा कि अगर होर्मुज पर रोक जारी रही, तो ईरान के साथ बातचीत आगे नहीं बढ़ पाएगी। इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा कि वे इस पर सोचेंगे। बता दें अमेरिका ने ईरान के पास समुद्र में नाकेबंदी कर रखी है। इससे नाराज होकर ईरान ने शनिवार को होर्मुज को बंद कर दिया था। अमेरिका और ईरान के तनाव बढऩे की वजह ट्रम्प की ईरान को धमकी और ईरानी जहाज ‘टूस्का’ को कब्जे में लेना है। इसे लेकर ईरान ने नाराजगी जताई और इसे समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि वे जल्द इसका जवाब देंगे। होर्मुज में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच दूसरी दौर की बातचीत होगी या नहीं, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। ईरान ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी सीजफायर के समझौते का उल्लंघन है और अमेरिका की धमकी भरी भाषा से हालात और खराब हो रहे हैं। इन परिस्थितियों में बातचीत की उम्मीद बहुत कम है।
