
चीन ने एक बार फिर अपनी हद पार की है। हाल ही में चीन ने पाकिस्तान के साथ एक साझा बयान जारी कर जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर टिप्पणी की है। जाहिर है यह बयान सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता से जुड़ा है और चीन भारत को उकसाने की कोशिश कर रहा है। दरअसल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर चीन पहुंचे हुए हैं। चीन की तरफ से यह बयान इन नेताओं के साथ बैठक के बाद ही आया है। शहबाज शरीफ की बीजिंग यात्रा के दौरान जारी एक संयुक्त बयान में चीन ने फिर से पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाते हुए कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के तहत सुलझाने की बात कही है। एक रिपोर्ट में मुताबिक बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई हाई-लेवल बैठक के बाद चीन और पाकिस्तान ने एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सुरक्षा परिषद के पुराने प्रस्तावों का हवाला देते हुए कश्मीर विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत की है। चीन और पाक के इस बयान साझा बयान में ना सिर्फ कश्मीर का जिक्र है, बल्कि और भी कई मुद्दों के जरिए भारत को उकसाने की सीधी कोशिश की गई है। इसमें चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) का भी जिक्र है।
