
दिवाली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में रविवार को भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर एक घंटे के एक विशेष सत्र में कारोबारी होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगी। हालांकि 8 नवंबर नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश का दिन है, लेकिन दिवाली लक्ष्मी पूजन के अवसर पर विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा। बता दें कि शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है। यह केवल एक विशेष कारोबारी सत्र नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी है। इसी कारण बड़ी संख्या में निवेशक इस दौरान सांकेतिक तौर पर शेयर खरीदते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी पूजन के दिन किया गया निवेश आने वाले वर्ष में समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है। एक्सचेंजों द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा। ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुली रहेगी। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा।
